एफएनएन, रुद्रपुर : धान का कटोरा कहे जाने वाले उधमसिंह नगर जिले में किसानों का बुरा हाल है। सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद बंद कर दी गई है। किसानों से प्रति कुंटल कमीशन मांगा जा रहा है। इससे किसान अपना धान ओने पौने दामों में बेचने को मजबूर हैं। किसानों की इस समस्या को लेकर कांग्रेस ने पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ की अगुवाई में जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। बेहड़ ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों का बुरा हाल है। तुल चुके धान का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है, जबकि सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद बंद कर दी गई है। किसानों से 50 रुपये प्रति कुंतल की वसूली किया जाना शर्मनाक है। उन्होंने कहा कांग्रेस इसके खिलाफ आंदोलन छोड़ेगी। पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा ने भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। कहा कि भाजपा सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने जल्द से जल्द धान का भुगतान कराने और सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद शुरू कराने की सरकार से मांग की। कांग्रेस नेता संदीप चीमा ने कहा कि यह सरकार जनविरोधी और किसान विरोधी है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष सोनू शर्मा, अनिल शर्मा, सुरेश गौरी, नारायण सिंह बिष्ट, नंदलाल, सीपी शर्मा आदि मौजूद थे।