एफ़एनएन, बेंगलुरू: कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने राज्य में 14 दिनों का कर्फ्यू लागू करने का फैसला किया है| यह कर्फ्यू कल यानी मंगलवार से प्रभावी होगा| पिछले 24 घंटे में कोरोना के मामलों में जबरदस्त उछाल के एक दिन बाद यह फैसला लिया गया है| कर्नाटक में एक दिन में 34,000 से ज्यादा नए मामले मामले दर्ज किए गए हैं| इससे प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई हैं|
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा, “राज्य में कोविड कर्फ्यू कल रात 9 बजे से अगले 14 दिनों के लिए लागू रहेगा| उन्होंने कहा कि सुबह 6 बजे से सुबह 10 बजे तक जरूरी सेवाओं की अनुमति होगी और इसके बाद जरूरी सेवाओं से जुड़ी दुकानें बंद हो जाएंगी| कर्फ्यू के दौरान पब्लिक ट्रांसपोर्ट नहीं चलेंगे| सिर्फ कंस्ट्रक्शन, विनिर्माण और कृषि क्षेत्रों से जुड़े लोगों को काम करने की अनुमति होगी|
बता दें कि राज्य में कल 34,804 नए कोरोना मामले सामने आने के साथ संक्रमण के कुल मामले 13.39 लाख हो गए हैं| साथ ही एक दिन में 143 लोगों की वायरस की वजह से जान गई है| अब तक कुल 14,426 लोगों की मौत हो चुकी है| बेंगलुरू शहर में 20,733 केस सामने आए हैं| इससे पहले, शनिवार को कर्नाटक में सबसे ज्यादा 29,438 मामले दर्ज किए गए थे| राज्य में संक्रमण की दर करीब 20 प्रतिशत है, जिसका अर्थ है कि हर पांच सैंपल में एक नमूना संक्रमित पाया जा रहा है|