एफएनएन, रुद्रपुर : संयुक्त किसान मोर्चा के आवाहन पर किसानों ने आज यहां रुद्रपुर स्टेशन के पास ट्रेन रोककर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन को खासी मशक्कत का सामना करना पड़ा। मोर्चा के आवाहन पर किसान आज करीब 11:00 बजे रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गए। अपराहन 12:00 बजे गरीब रथ को यहां से गुजरना था। इस बीच किसान दरी बिछाकर रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। किसानों का नेतृत्व कर रहे हैं भारतीय किसान यूनियन चढूनी के जिला अध्यक्ष साहब सिंह ने कहा कि किसानों के साथ किसी भी तरीके का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
इस बीच किसान दौड़ते हुए रेलवे स्टेशन पहुंच गए और वहां गरीब रथ को रोक लिया। किसान ट्रेन के आगे लेट गए जिस पर पुलिस को जैसे तैसे कब्जे में लेकर उन्हें हटाना पड़ा। गरीब रथ कुछ आगे बढ़ा ही था, इससे पहले किसानों ने दोबारा उसे एक ओवर ब्रिज के नीचे रोक लिया। इस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए किसानों को हटा दिया। इस बीच में किसानों और पुलिस प्रशासन के बीच नूरा कुश्ती चलती रही।