एफएनएन, रुद्रपुर : शैलजा फॉर्म की भूमि पर कब्जे का सपना देख रहे माफिया के लिए यह खबर चौंकाने वाली है। भूमि पर कब्जे का उनका ख्वाब पूरा नहीं होने वाला, इस भूमि पर सरकारी इंटर कॉलेज की स्थापना की जाएगी और इसके लिए कवायद भी शुरू हो गई है। आज विधायक शिव अरोरा ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ इस भूमि का निरीक्षण कर चुनौती दे डाली है। इसके लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।
आपको बताते चलें कि शैलजा फार्म की भूमि पर कई लोगों की निगाह लगी हुई थी। आरोप तो यहां तक था कि मंदिर की आड़ में इस भूमि पर कुछ तथाकथित लोग कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। इनमें कुछ सत्ताधारियों का नाम भी सामने आ रहा था। पिछले दिनों यह विवाद अधिकारियों की चौखट तक भी पहुंचा था। उसके बाद नगर निगम ने इस भूमि को अपने कब्जे में ले लिया था लेकिन इस सबके बीच अब भू माफिया को बड़ी ठेस लगी है। इस भूमि पर इंटर कॉलेज की स्थापना की जाएगी, जिससे क्षेत्र के तमाम लोगों को फायदा मिलेगा।
आज विधायक शिव अरोरा ने इस भूमिका निरीक्षण किया। उनके साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। विधायक ने कहा की घनी और मलिन बस्तियों के आसपास स्थित इस भूमि पर इंटर कॉलेज बनने से बच्चों को शिक्षा के लिए दूर की दौड़ नहीं लगानी होगी। उन्होंने कहा यह भूमि उपयुक्त है और इसके लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।