एफएनएन, चमोली: उत्तराखंड राज्य के चमोली जिले में हिमालय की गोद में बसा औली स्नोस्कीइंग प्रेमियों के लिए प्रसिद्ध है। गढ़वाली भाषा में औली को बुग्याल (घास का मैदान) के नाम से जाना जाता है। यह समुद्र तल से 2500 मीटस से 3050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इतिहास में पहली बार औली की वादियों में भारत-अमेरिकी सैनिकों का युद्धाभ्यास किए जाने की तैयारियां शुरू कर दी गई है। सूत्रों की माने तो अक्टूबर माह में दोनों देशों के सैनिक युद्धाभ्यास का हिस्सा बनेंगे।
उत्तराखंड में पहले से ही कई सैन्य अभ्यास होते रहे हैं, जिनमें दूसरे देशों के साथ साझा सैन्याभ्यास कई बार हो चुके हैं, लेकिन चमोली जिले के औली में पहली बार भारत-अमेरिका का 14 से 31 अक्टूबर तक सैन्याभ्यास होने जा रहा है, जिसके लिए जिला प्रशासन व सैन्य अधिकारियों ने तैयारियों को लेकर कसरत करनी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों देशों का यह संयुक्त युद्धाभ्यास 18वां है। जिसका उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच सहयोग व अंतर-संचालकता बढ़ाना है, जबकि भारत-अमेरिका के बीच पिछला युद्धाभ्यास अमेरिका के अलास्का में हो चुका है।
गौर करने वाली बात है कि भारत-अमेरिका के बीच बीते कुछ वर्षों में रक्षा सम्बंध मजबूत हुए हैं। जिसके चलते अमेरिका ने जून 2016 में भारत को अपना प्रमुख रक्षा साझीदार बताया था। जिसके कारण दोनों देशों के बीच बीते कुछ वर्षों में रक्षा व सुरक्षा सम्बंधी अनेक महत्वपूर्ण समझौते और बैठकें हो चुकी हैं। जिसके तहत ही भारत-अमेरिका लगातार संयुक्त सैन्याभ्यास पर बल दे रहा है, जिससे दोनों देशों के सैनिक उच्च सैन्य तकनीक से लैस हो सकें।