- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत बोले-बगैर कप्तान के जहाज पर सवार कांग्रेसी भाजपा नहीं, अपने कुनबे को बचाएं
एफएनएन, देहरादून: नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश के उस बयान के बाद सियासत गरमा गई है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि भाजपा के कुछ विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं। अब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बगावत भाजपा में नहीं, बहुत जल्द कांग्रेस में होगी। बोले-बगैर कप्तान के जहाज पर सवार कांग्रेेेसियों को असल में भाजपा की नहीं, बल्कि अपने बचे-खुचे कुनबे को बचाने को लेकर चिंता करनी चाहिए। कांग्रेस में अभी एक और बड़ी बगावत के आसार हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भगत ने कहा कि कांग्रेस अब अफवाहों की सियासत कर रही है। उसे चारों तरफ अंधेरा ही अंधेरा दिखाई पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश बगावत की भविष्यवाणी कर रही हैं और दावा कर रही हैं कि कई नेता और विधायक उनके संपर्क में हैं। अलबत्ता, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को इसकी भनक तक नहीं है।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत भी सुनी-सुनाई बातों को लेकर गाल बजा रहे हैंं। उन्हें कभी लोकतंत्र की चिंता है तो कभी बगावत का इंतजार। भगत ने यह भी कहा कि कांग्रेस में हताशा और निराशा है। इसी कारण कांग्रेस अब अफवाहों के बूते अपना भविष्य तलाश रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह एकजुट है और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों के चलते वर्ष 2022 मेंं भी जनता एक बार फिर प्रचंड बहुमत से भाजपा को सत्ता सौंपने जा रही है। बेहतर होगा कि कांग्रेस पहले अपने दल में तालमेल रखे और रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाए।