- रुकने का नाम नहीं ले रही कोरोना की रफ्तार
- शुक्रवार को तीन लोगों ने दम तोडा, मरने वालों का आंकडा पहुंचा 107
एफएनएन, देहरादून : उत्तराखंड में कोरोना से मौतों का आंकड़ा सैकड़ा पार कर गया। पहाड़ की शांत वादियों से घिरे इस प्रदेश में महामारी की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही। संक्रमितों का ग्राफ और मरने वालों की संख्या हर दिन बढ़ रही है। शुक्रवार को तीन मरीजों की मौत के बाद मौतों का ग्राफ 107 पर पहुँच गया। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को एम्स ऋषिकेश में कोरोना संक्रमित दो मरीजों की मौत हुई है। नजीबाबाद निवासी व्यक्ति निमोनिया व सांस लेने में तकलीफ होने पर अस्पताल आया था। बुधवार रात उसकी मौत हो गई।
वहीं रुड़की के साकेत कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति को एक अगस्त को डायबिटीज व निमोनिया की शिकायत पर अस्पताल लाया गया था। वह पिछले 13 साल से क्रॉनिक मायलोइड ल्यूकेमिया से ग्रसित था। बुधवार रात उसकी मौत हो गई। दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में भी दो लोगों की मौत हुई है। इनमें चांचक नगर निवासी व्यक्ति को 29 जुलाई को भर्ती कराया गया था। उन्हें निमोनिया की शिकायत थी। गुरुवार को उनकी मौत हो गई। वहीं मोती बाजार निवासी बुजुर्ग महिला को एक निजी अस्पताल से बुधवार रात दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया था। उन्हेंं दिल की बीमारी थी। उन्हेंं वेंटिलेटर पर रखा गया, पर कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। इसी तरह शुक्रवार को दून मेडिकल कॉलेज में तीन लोगों ने दम तोड दिया। इससे मौत का आंकडा बढ़कर 107 हो गया।