एफएनएन, लखीमपुर : शुक्रवार को शासन के निर्देश पर गत वर्षो की भांति पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के जन्म दिवस को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया। जिले के सभी सरकारी दफ्तरों में सद्भावना प्रतिज्ञा ली गई। कलेक्ट्रेट में डीएम डॉ अरविंद कुमार चौरसिया की अध्यक्षता में सद्भावना प्रतिज्ञा समारोह आयोजित हुआ। डीएम ने कहा कि सद्भावना दिवस मनाने का विचार सभी धर्म, भाषा और क्षेत्र के लोगों के मध्य राष्ट्रीय एकीकरण व सांप्रदायिक सद्भाव को बढ़ावा देना है। उन्होंने सद्भावना दिवस के उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोगों में हिंसा की प्रवृत्ति दूर हो, दया भाव का विकास हो। इसलिए सद्भावना प्रतिज्ञा समारोह का आयोजन हो रहा।
कलेक्ट्रेट में डीएम डॉ अरविंद कुमार चौरसिया ने अधिकारियों- कर्मचारियों को सद्भावना की दिलाई। उन्होंने जाति, संप्रदाय, क्षेत्र, धर्म अथवा भाषा का भेदभाव किए बिना भारतवासियों की भावनात्मक एकता व सद्भाव के लिए काम करने की शपथ दिलाई। उन्होंने हिंसा का सहारा लिए बिना सभी प्रकार के मतभेद बातचीत व संवैधानिक माध्यमों से सुलझाने के लिए भी प्रतिज्ञा दिलाई।
इस कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर अरुण कुमार सिंह, डीएम के ओएसडी राम कुमार, प्रशासनिक अधिकारी कलेक्ट्रेट प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, मो. सलीम, सुरेश कुमार, विवेक सक्सेना, उत्तर प्रदेश कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार श्रीवास्तव व महामंत्री शैलेंद्र वर्मा सहित काफी संख्या में राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।